चित्रकूट-खाद-बीज से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं और मतदाता सूची पुनरीक्षण तक आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं

SHARE:

किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शिता के साथ पूरा कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शनिवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने राजापुर स्थित एग्री जंक्शन केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।
एग्री जंक्शन केंद्र पर आयुक्त ने उर्वरक एवं बीज वितरण व्यवस्था का सत्यापन किया। उन्होंने मौजूद किसानों से खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया। आयुक्त ने केंद्र संचालक और संबंधित अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुरूप गुणवत्तायुक्त उर्वरक एवं प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र पर उपलब्ध स्टॉक और उर्वरकों की निर्धारित बिक्री दरों का स्पष्ट प्रदर्शन किया जाए। खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और अनावश्यक टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसानों को खाद और बीज प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर का औचक निरीक्षण किया। यहां चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएं। आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए और मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में रेफर न किया जाए। वार्डों एवं परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का किया सत्यापन
आयुक्त अजीत कुमार ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजापुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 21 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए।
सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
आयुक्त ने कहा कि कृषि निवेशों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं और निर्वाचन संबंधी कार्यों में नियमित निगरानी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण किया जाए। किसानों, मरीजों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई