बाँदा-केन नदी में नाव समेत लापता हुआ युवक,पुलिस ने सकुशल किया बरामद

SHARE:

 केन नदी में मछली का शिकार करने गया युवक नाव समेत लापता हो गया। सूचना मिलने पर पीएसी की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने बोट से काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। रविवार को करीब पांच किलोमीटर दूर दूसरे नाव घाट पर ग्रामीणों ने युवक को नाव समेत बैठे देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पैलानी थाना क्षेत्र के कुकुवा खास गांव निवासी 35 वर्षीय जंग बहादुर पुत्र भवानी शंकर निषाद शनिवार शाम मछली पकड़ने के लिए नाव लेकर केन नदी में गया था। रात करीब 11 बजे तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नाव समेत उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पीएसी की टीम को नदी में खोजबीन के लिए लगाया गया। पीएसी जवानों ने अपनी बोट से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रात में उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार को सिंधन कलां गांव के ग्रामीणों ने पैलानी पुलिस को सूचना दी कि नाव घाट के पास एक व्यक्ति नाव लेकर बैठा है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो जंग बहादुर नाव समेत वहां मिला। पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को जानकारी दी।
सोते समय बह गई नाव, पांच किलोमीटर दूर पहुंचा
जंग बहादुर के भाई चंद्रबली ने बताया कि वह रोज शाम को नाव लेकर घर से निकल जाता था और नाव पर ही सोता था। तेज बारिश और नदी में बाढ़ के चलते उसकी नाव बह गई। वह नाव में सोता रहा और बहाव के साथ करीब पांच किलोमीटर दूर सिंधन कलां के किनारे पहुंच गया। आंख खुलने पर उसने नाव को नदी किनारे लगाया और ग्रामीणों को सूचना दी। चंद्रबली ने बताया कि जंग बहादुर मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर नदी में जाता है। वह सात भाइयों में दूसरे नंबर का है। परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है।
ग्रामीणों की सूचना से मिली जानकारी
सिंधन कलां के ग्रामीणों ने नाव घाट के पास युवक को नाव समेत देखा तो तत्काल पैलानी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सीओ ने दी जानकारी
सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि युवक की खोजबीन के लिए नदी में पीएसी की टीम को लगाया गया था। युवक सिंधन कलां के नाव घाट पर सुरक्षित मिल गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई