प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने से एक युवती की हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महोबा जिले के रिछा गांव निवासी चंचल ने बताया कि उसकी 24 वर्षीय पत्नी कविता गुरुवार को प्रसव पीड़ा से परेशान थी। परिजनों ने उसे महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कविता ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसे अधिक रक्तस्राव होने लगा। इस पर चिकित्सकों ने खून की कमी बताते हुए उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। दो साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक कविता की शादी दो साल पहले हुई थी। बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशियां थीं, लेकिन प्रसव के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मर्चरी में रखवाया गया शव
परिजनों ने चिकित्सकों से पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया था, लेकिन उन्हें शव नहीं सौंपा गया। इसके बाद शव को मेडिकल कॉलेज के मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया। चिकित्सकों की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।