बाँदा-सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर कार्यशाला

SHARE:

सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराध से बचाव और सुरक्षित भविष्य को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को एक वृहद कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
शहर के कालूकुआ स्थित स्कूल में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक डॉ शिवराज ने किया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधक ने मां सरस्वती का वंदन किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ शिवराज ने सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने, मिशन शक्ति के प्रति जागरूक रहने तथा करियर को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
शिक्षा विभाग से मंडलीय समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर पीयूष मिश्रा ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आने और श्रेष्ठ मददगार की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नोडल छात्र-छात्राओं के रूप में कार्य करते हुए अपने आसपास के लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यालय प्रबंधन से यह भी अपेक्षा की गई कि किसी नाबालिग छात्र-छात्रा को वाहन लेकर विद्यालय परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए। साथ ही शिक्षक-शिक्षिकाओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए कहा गया। परिवहन विभाग की ओर से वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण और विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। विद्यालय प्रबंधन को शासकीय प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यशाला के दौरान श्रेष्ठ पोस्टर तैयार करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन भी किया गया और उन्हें शीघ्र प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का भरोसा दिलाया गया।
अतिथियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास करेगा।
शिक्षकों ने भी लिया सुरक्षित यातायात का संकल्प
कार्यशाला में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई