छात्र अपने भविष्य का लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ें। शिक्षा के साथ जिम्मेदार नागरिक बनना भी जरूरी है। छात्रों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए साइबर अपराध से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए।
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्रों से उनके भविष्य की सोच और लक्ष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान छात्रों को कैरियर गाइडेंस के साथ सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम, मिशन शक्ति समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा मंडलीय मास्टर ट्रेनर एवं समन्वयक डॉ. पीयूष मिश्रा ने छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों एवं विद्यालय परिवार से अपेक्षा की कि कोई भी नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन लेकर विद्यालय परिसर में प्रवेश न करे। साथ ही साइकिल से भी अवकाश के समय झुंड में न चलने की अपील की। छात्रों को नोडल छात्र के रूप में सड़क सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। डॉ. मिश्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक को बताया कि कॉलेज के छात्र शिक्षकों से मिले उचित मार्गदर्शन, अपनी लगन और निष्ठा के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। इस पर ऐसे पुरातन छात्रों के साथ भविष्य में संवाद स्थापित करने के लिए कार्यशाला आयोजित करने की बात कही गई। स्टंट करने वाले नाबालिगों के अभिभावकों की भी तय होगी जिम्मेदारी
यातायात प्रभारी बांदा महेंद्र सिंह ने छात्रों को सीमित गति में वाहन चलाने तथा किसी भी प्रकार का स्टंट नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई नाबालिग छात्र सड़क पर स्टंट करते पाया जाता है तो उसके अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अपर पुलिस अधीक्षक से संवाद कर विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम श्रीवास्तव ने अतिथियों का हृदय से आभार जताते हुए छात्रों से दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर सहायक अध्यापिका श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी, व्योमेश श्रीवास्तव समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के समापन पर अपर पुलिस अधीक्षक के साथ छात्रों ने उत्साहपूर्वक ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प भी लिया।