पति से विवाद के बाद महिला ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर सास ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो महिला का शव फंदे पर लटकता मिला। शव देखते ही सास की चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतर्रा कस्बे के मूसानगर निवासी जुग्गन देवी (35) पत्नी स्वामादीन ने सोमवार रात कमरे के अंदर पंखे की हुक पर दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो सास गोलनिया वहां पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो जुग्गन का शव फंदे पर लटक रहा था। विवाद के बाद घर से चला गया था स्वामादीन
मृतका के देवर धीरू ने बताया कि उसकी भाभी शाम को पकवान बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति स्वामादीन से विवाद हो गया। इसके बाद स्वामादीन ट्रक लेकर घर से चला गया और वापस नहीं लौटा। धीरू के मुताबिक, स्वामादीन ट्रक चलाता है और पिछले दो महीने से घर पर रहकर मजदूरी कर रहा था। 15 साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, जुग्गन देवी की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।