बाँदा-समयसीमा में पूरी होंगी निर्माणाधीन परियोजनाएं, गुणवत्ता में कमी मिली तो होगी कार्रवाई

SHARE:

मंडल में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत से चल रही निर्माण परियोजनाओं को लेकर आयुक्त अजीत कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कर जनता को समर्पित की जाएं। निर्माण कार्यों में देरी, गुणवत्ता की कमी या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विलंबित परियोजनाओं में अतिरिक्त संसाधन और जनशक्ति लगाकर काम युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में देर से पहुंचे दो अधिशासी अभियंताओं पर नाराजगी
13 अगस्त को आयुक्त की अध्यक्षता में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, देरी के कारण, धनराशि के उपयोग, गुणवत्ता और सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट की स्थिति की समीक्षा की गई। राजकीय निर्माण निगम, उप्र इकाई बांदा और उप्र प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड इकाई बांदा के अधिशासी अभियंताओं के बैठक में विलंब से पहुंचने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और दोनों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
हर माह पांच तारीख तक पोर्टल पर अपडेट करनी होगी प्रगति
आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति की फोटोग्राफ सहित जानकारी प्रत्येक माह की पांच तारीख तक सीएमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट की जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को तत्काल संबंधित प्रशासकीय विभाग को हस्तांतरित किया जाए। पोर्टल पर डुप्लीकेट प्रविष्टियां मिलने पर उन्हें भी तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
भूमि विवाद और न्यायालयी मामलों का जल्द कराएं निस्तारण
जिन परियोजनाओं में भूमि विवाद अथवा न्यायालय में मामले लंबित हैं, उनमें संबंधित जिलाधिकारियों से समन्वय कर प्रभावी पैरवी कराने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण कराकर इसकी सूचना आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्वीकृत परियोजनाओं के सापेक्ष प्राप्त धनराशि का उपभोग प्रमाणपत्र समय से प्रशासकीय विभाग को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि अगली किस्त समय से प्राप्त हो सके।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की होगी नियमित जांच
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने सीमेंट, कंक्रीट, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री का समय-समय पर परीक्षण कराने के निर्देश दिए। स्वीकृत तकनीकी मानकों के अनुरूप ही सामग्री का इस्तेमाल किया जाए। भवनों में संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा और जल निकासी समेत सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
श्रमिकों की सुरक्षा के साथ निर्माण स्थल भी रखें साफ
निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देने को कहा गया। निर्माण सामग्री के अवशेष और कबाड़ का उचित निस्तारण कर निर्माण स्थलों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल रखने के निर्देश भी दिए गए।
मंडल की सभी सड़कें और राजमार्ग होंगे गड्ढामुक्त
आयुक्त ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को मंडल की सभी सड़कों और राजमार्गों को गड्ढामुक्त रखने की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मंडलीय अधिकारियों को अपने विभागों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया। कार्य में रुचि न लेने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आयुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में समयसीमा, गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्यदायी संस्थाएं और संबंधित विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि परियोजनाएं समय से पूरी होकर आमजन को उनका लाभ मिल सके।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई