बाँदा-मुकदमे में सुलह न करने पर महिला को गोली मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

मुकदमे में सुलह न करने को लेकर जान से मारने की नीयत से महिला को गोली मारने वाले हिस्ट्रीशीटर तथा उसके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार छैलकुमारी 45 पत्नी बारेलाल कि दिनांक 10.04.2026 की रात अपने घर के बाहर बकरी बांध रही थी। तभी गांव का ही कृष्ण दत्त उर्फ मुखिया अपने चार साथियों के साथ आया और महिला को मुकदमे में सुलह होने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने सुलह होने से मना कर दिया तो गुस्से में आकर हिस्ट्री सीटर कृष्ण दत्त ने महिला के पैर व सीने में तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही महिला जमीन में गिर पड़ी। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गए। शोर शराबा सुनकर परिवार के अन्य लोग आ गए। पुलिस को सूचना देने के साथ महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के कारण उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी पलाश बंसल ने सीओ बबेरू के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमे लगाई थी। पति बारेलाल की तहरीर हिस्ट्रीशीटर कृष्ण दत्त,जितेंद्र सहित चार लोगों के विरुद्ध नाम दर्ज मुकदमा दर्ज किया गया था। पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने सोमवार को अभियुक्त हिस्ट्रीशीटर कृष्णदत्त उर्फ मुखिया पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी अरमार थाना मरका,जितेन्द्र पुत्र श्याम बिहारी निवासी अरमार को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि अभियुक्त कृष्णदत्त मुखिया थाना मरका एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं जिस पर मारपीट, धोखाधड़ी,गुण्डा एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जायेगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मरका मिथिलेश कुमार सिंह,आरक्षी विनोद कुमार यादव,कृष्ण कुमार,शान्ति यादव शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई