सरकार ने देश के दो शीर्ष नौकरशाहों को बड़ी राहत देते हुए कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन के कार्यकाल में एक-एक वर्ष का विस्तार कर दिया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने बुधवार को इस संबंध में मंजूरी देते हुए अलग-अलग आदेश जारी किए। 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी टी.वी. सोमनाथन अब अगस्त 2027 तक कैबिनेट सचिव के पद पर बने रहेंगे। वहीं, 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी गोविंद मोहन भी एक वर्ष तक गृह सचिव की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। दोनों अधिकारियों का मौजूदा कार्यकाल इसी माह समाप्त होने वाला था। केंद्र सरकार ने यह विस्तार सार्वजनिक हित में सेवा नियमों के तहत उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार दिया है। इन नियमों के तहत कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, रक्षा सचिव, विदेश सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के निदेशक और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के सचिव जैसे प्रमुख पदों पर आवश्यकता पड़ने पर सेवानिवृत्ति आयु के बाद भी सेवा विस्तार दिया जा सकता है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने और महत्वपूर्ण नीतिगत व सुरक्षा संबंधी मामलों में अनुभव का लाभ जारी रखने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।