बाँदा-असली सोने के सिक्कों का झांसा देकर तीन लाख की ठगी, आरोपित गिरफ्तार

SHARE:

पुराने और असली सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर तीन लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी के तीन लाख रुपये नकद और पांच नकली सिक्के बरामद किए हैं। मामले में आरोपित से पूछताछ के साथ उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र निवासी रामसिंह ने दो अगस्त को कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि उसके साले के परिचित कमलेश कुमार ने पुराने और बहुमूल्य सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर उससे तीन लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपित ने असली सोने के सिक्कों की जगह नकली और कम कीमत के सिक्के थमा दिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह मवई बाइपास के पास से आरोपित कमलेश पुत्र रामप्रताप निवासी बीरमपुर, थाना फतेहगंज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से ठगी के तीन लाख रुपये नकद और पांच काले रंग के नकली सिक्के बरामद हुए। जानकारी देते हुए सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपित ग्राहकों को पहले पुराने सिक्के दिखाकर उनका भरोसा जीतता था। सौदा तय होने और रकम मिलने के बाद असली सिक्कों की जगह नकली या कम कीमत के सिक्के देकर फरार हो जाता था। कहा कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इस तरह की वारदातें और किन-किन लोगों के साथ की हैं। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, चौकी प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष त्रिपाठी, कांस्टेबल अंकित यादव तथा कांस्टेबल नितेन्द्र कुमार शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई