शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। हिस्ट्रीशीटर की उसके साथ मौजूद दो लोगों ने कथित रूप से पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव निवासी गुड्डू 45 पिछले कुछ महीनों से चिल्ला रोड स्थित मौरंग डंप में काम कर रहा था। सोमवार की रात वह दो साथियों के साथ दुरेड़ी गांव पहुंचा, जहां निर्माणाधीन मकान के पास तीनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि दोनों साथियों ने गुड्डू पर पत्थर से हमला कर दिया और उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि मृतक गुड्डू तिंदवारी थाने का हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर वर्ष 2007 में हत्या सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इधर आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी ने अलग-अलग टीमे लगाई है।