बाँदा-आबादी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन ले जाने का विरोध

SHARE:

तिंदवारी-पपरेंदा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान ग्राम पंचायत परसौड़ा के प्रधान का पुरवा (अनुसूचित जाति बस्ती) के ऊपर से 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन ले जाने के प्रस्ताव का ग्रामीणों ने विरोध जताया है।
मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद के नेतृत्व में 50 से अधिक ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी धर्मेंद्र को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि घनी आबादी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन न खींची जाए, बल्कि सड़क के दूसरी ओर स्थित खाली भूमि से लाइन शिफ्ट कराई जाए। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान का पुरवा घनी आबादी वाला इलाका है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान विभागीय अधिकारी 11 हजार वोल्ट की लाइन मकानों के ऊपर से ले जाने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी। उनका कहना है कि सड़क के दूसरी ओर खाली खेत हैं और वहां केवल दो-तीन मकान बने हैं। पहले उसी दिशा से लाइन ले जाने की योजना थी, लेकिन अब ठेकेदार वहां से लाइन खींचने को तैयार नहीं है। ऐसे में आबादी के ऊपर से लाइन ले जाना जनहित के विपरीत होगा। ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर हाईटेंशन लाइन को सड़क के दूसरी ओर खाली स्थान से शिफ्ट कराया जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, भरत पाल, नेतराम समेत 50 से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई