बाँदा-घर में घुसकर नल की टोंटियां और नकदी चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला भी दबोचा

SHARE:

घर में घुसकर नल की टोंटियां और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाला एक आरोपी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 चोरी की नल की टोंटियां, आठ हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी अखिलेश ने 12 अगस्त को थाने में सूचना दी थी कि आठ और नौ अगस्त की रात अज्ञात चोर घर में घुस आए और नलों की टोंटियां व नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मवई बाईपास स्थित कृषि विश्वविद्यालय के पास से तीन चोरी के आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आबिद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी अब्दुल उर्फ पाव के साथ मिलकर आठ-नौ अगस्त की रात चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी पुत्र खालिक निवासी निम्नीपार मर्दननाका, अमीर उर्फ हमजा पुत्र कलीम निवासी चिपटहरी मर्दननाका, अनस उर्फ पौडी पुत्र निजाम निवासी चिपटहरी मर्दननाका तथा चोरी का माल खरीदने वाले आबिद पुत्र जावेद निवासी खांईपार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अब्दुल उर्फ पाव पुत्र गुड्डू निवासी मर्दननाका अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसके अलावा अन्य स्थानों पर कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और इनमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में मु0अ0सं0 401/26, धारा 305/331(4)/3(5)/317(2) बीएनएस, थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष त्रिपाठी, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, कांस्टेबल अंकित यादव, नितेन्द्र कुमार, गवेन्द्र और रवि बिन्द शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई