प्रेमी से फोन पर बातचीत को लेकर परिजनों की डांट से नाराज एक किशोरी घर से निकल गई और सुबह हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने के बाद किशोरी को सकुशल नीचे उतार लिया।
बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के पहाड़िया भूरागढ़ गांव में 3 नवंबर की रात किशोरी का अपनी बहन से विवाद हो गया था। इसके बाद वह रात करीब नौ बजे घर से चली गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। रात 10:27 बजे डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने भूरागढ़, केन नदी पुल, नदी घाट, भूरागढ़ किला, रोडवेज बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर तलाश की। लापता होने पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
किशोरी के पिता की तहरीर पर 4 नवंबर की रात 2:59 बजे थाना मटौंध में मुकदमा संख्या 194/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत भूरागढ़ निवासी साहिल के विरुद्ध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश जारी रखी। सुबह हाईटेंशन टावर पर मिली किशोरी
सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि भूरागढ़ में केन नदी के पास हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर एक लड़की चढ़ी हुई है। चौकी प्रभारी भूरागढ़ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में लड़की की पहचान लापता किशोरी के रूप में हुई। पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सावधानीपूर्वक टावर से नीचे उतार लिया। फोन पर बातचीत को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने बताया कि वह साहिल नाम के युवक से फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर माता-पिता ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई। रात में वह केन नदी पुल के आसपास छिपी रही और सुबह टावर पर चढ़ गई। पुलिस ने किशोरी को सकुशल नीचे उतारकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेस्क्यू टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में चौकी प्रभारी अरविंद कुमार के साथ कांस्टेबल अनुज यादव, शिवम यादव, टिंकू मौर्य, विकास कुमार, अश्वनी पांडेय और अमित प्रजापति शामिल रहे।