बाँदा- कल लगेगा वृहद रोजगार मेला, हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

SHARE:

रोजगार की तलाश कर रहे युवक-युवतियों के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं के अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में साक्षात्कार देने और रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 5 नवंबर 2026 को पं. जेएन डिग्री कॉलेज परिसर, बांदा में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा। मेले के प्रचार-प्रसार के लिए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने 4 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर बेरोजगार युवक-युवतियों को मेले की तिथि, स्थान, पात्रता और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देगा। वाहन पर लगे क्यूआर कोड के माध्यम से भी अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में प्रदेश और प्रदेश के बाहर की प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। प्रमुख कंपनियों में याजाकी इंडिया, सनसेरा इंजीनियरिंग, हैवेल्स इलेक्ट्रिकल्स, हाईवेरूप प्रिसिजन टेक्नोलॉजी, पीजी ग्रुप, डिक्सन इलेक्ट्रा एप्लायन्सिस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टाटा एआईए, एसआईएस, पुखराज हेल्थ केयर, स्विगी, फ्लिपकार्ट, जाबिल सर्किट, टाटा फिएट, मदरसन, यूनो मिंडा, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य कंपनियां शामिल हैं।
हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दे सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सेवायोजन पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी योग्यता और इच्छानुसार आवेदन करना होगा। इसके बाद वे अपने बायोडाटा की दो प्रतियां, दो पासपोर्ट साइज फोटो और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियों के साथ सीधे रोजगार मेला स्थल पर उपस्थित होकर प्रतिभाग कर सकते हैं।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अवसर का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन वकील अहमद अंसारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई