बांदा। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत 13 अगस्त को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बांदा में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम मंडलीय मास्टर ट्रेनर एवं समन्वयक सड़क सुरक्षा (शिक्षा विभाग) डॉ. पीयूष मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित हुआ। डॉ. पीयूष मिश्रा ने प्रतियोगिता से पहले छात्रों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को समाज में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सड़क सुरक्षा के लिए नोडल छात्रों के रूप में कार्य करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने तथा एक श्रेष्ठ मददगार के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के तरीकों की भी जानकारी दी। सर्वश्रेष्ठ पोस्टर बनाने वाले छात्रों को किया प्रोत्साहित
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न संदेशों को पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया। सर्वश्रेष्ठ पोस्टर बनाने वाले छात्र प्रियांशु पाल, आदित्य प्रजापति और आकाश को डॉ. पीयूष मिश्रा ने शाबाशी देकर प्रोत्साहित किया। अन्य छात्रों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्रों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पीयूष मिश्रा ने सभी छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्रों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।