विगत दिनों बालू खदान में हुई पोकलैंड चालक की हत्या का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। कातिल कोई और नहीं, बल्कि हेल्पर निकला। जिसने रंजिशन चालक को गोली मारकर फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाए जाने,वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अवैध शस्त्रों के संग्रहण, निर्माण व बिक्री करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना गिरवां पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा विगत 24 फरवरी की रात कोलावल रायपुर खदान गिरवां में पोकलैंड चालक की गोली मारकर हत्या करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। सीओ नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि जनपद महोबा के थाना खन्ना क्षेत्र निवासी शनि उर्फ सोनीकोलावल रायपुर खदान गिरवां में पोकलैंड चलाता था। विगत 24 फरवरी की रात सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह उसका शव रक्त रंजित हालत में पोकलैंड मशीन में पड़ा मिला था। इधर खुलासे को लेकर एसपी पलाश बंसल के द्वारा एसओजी तथा गिरवा पुलिस की अलग-अलग टीमे लगाई गई थी।
मुकदमा दर्ज करने के बाद अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना गिरवां व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों,भौतिक सत्यापन व मुखबिर की सूचना पर शनिवार अभियुक्त मोहित पुत्र नवल किशोर निवासी ग्राम टीहर थाना बिवार जनपद हमीरपुर को स्योढा पुल थाना गिरवां से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा अपना जुर्म स्वीकार करते हुये बताया कि पूर्व में हुई एक दुर्घटना को लेकर उसकी मृतक के मध्य पुरानी रंजिश चली आ रही थी। सीओ ने बताया कि आरोपी चालक शनि के साथ हेल्पर का काम करता था। डेढ़ माह पहले मशीन से उसका पैर जख्मी हो गया था। वही हेल्पर मोहित चालक पर जानबूझकर दुर्घटना किये जाने का आरोप लगा रहा था। उसी रंजिश के चलते उसने घटना को हेल्पर मोहित ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशाहदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा,खोखा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गिरवां सुरेश कुमार सैनी,एसओजी प्रभारी आनन्द कुमार,उप निरीक्षक सतीशचन्द्र,दिलीप कुमार,मुख्य आरक्षी गोकुलेश मिश्रा,अश्विनी प्रताप सिंह,संदीप कुमार,आशीष शर्मा,आरक्षी गजेन्द्र राजपूत,प्रतीक कुमार,अमित त्रिपाठी,मनीष कुमार,कमल सिंह शामिल रहे।