गिट्टी लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव निवासी निखिल (20) पुत्र राजाबाबू गुरुवार दोपहर बाइक से बांदा आ रहा था। जैसे ही वह कुरसेजा पुलिस चौकी के पास पहुंचा, तभी फतेहपुर की ओर जा रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसके जीवित होने की आशंका में एक ऑटो से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हेलमेट बाइक में बांधकर निकला था युवक
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के चाचा विजय शंकर ने बताया कि निखिल किसी काम से बांदा आ रहा था। उसके सिर पर हेलमेट नहीं था, बल्कि उसने हेलमेट बाइक के पीछे बांध रखा था। उनका कहना था कि यदि निखिल हेलमेट पहने होता तो शायद सिर में गंभीर चोट नहीं आती और उसकी जान बच सकती थी। ऑटो चालक ने बताई पुलिस की कार्रवाई
ऑटो चालक बृजेश के मुताबिक, वह सवारियां लेकर बांदा जा रहा था। रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया और सभी सवारियों को उतारकर बस से भिजवा दिया। उसका आरोप है कि सवारियों ने उसे किराया तक नहीं दिया। उधर, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।