अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद उसके साथ मौजूद युवक शव को रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बदौसा थाना क्षेत्र के कुल्लू खेड़ा निवासी शिवमोहन (45) पुत्र नत्थू वर्मा बुधवार शाम भदावल निवासी कल्लू के साथ बाइक से बबेरू निमंत्रण में गया था। वापस लौटते समय पड़ार गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शिवमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद साथ मौजूद युवक शव को रास्ते में छोड़कर वहां से फरार हो गया और उसने परिजनों को भी घटना की सूचना नहीं दी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे रिक्शा चालक ने शिवमोहन को पहचान लिया और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि शिवमोहन की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है। शिवमोहन ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था और जून माह में बाहर से काम करके घर लौटा था। उसके परिवार में पत्नी शिवपतिया के अलावा चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई ने किसी से रंजिश नहीं होने की बात बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
बदौसा पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होना सामने आया है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है और टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।