बाँदा-खाद के संकट को लेकर जेडीयू ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

खाद के संकट को लेकर जेडीयू ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। किसानों को डीएपी,एनपीके एवं यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने के साथ कालाबाजारी रोके जाने की मांग की है।
जनता दल (यूनाइटेड) उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जनपद बांदा में किसानों को डीएपी,एनपीके एवं यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए तत्काल सुचारु वितरण कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में किसानों को खेती के लिए आवश्यक खाद समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसानों को सहकारी समितियों एवं खाद बिक्री केंद्रों पर घंटों तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है। हाल ही में ग्राम पंचायत साथी स्थित सहकारी समिति का वीडियो सामने आया, जिसमें खाद वितरण के दौरान भारी भीड़,अव्यवस्था, धक्का-मुक्की एवं मारपीट जैसी स्थिति दिखाई दी। इसके अलावा ग्राम पंचायत पल्हरी सहित अन्य गांवों से भी लगातार किसानों की शिकायतें मिल रही हैं कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी बुवाई एवं खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और यदि उसे समय पर खाद उपलब्ध नहीं होगी तो फसल उत्पादन प्रभावित होगा। जिसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति एवं खाद्यान्न उत्पादन पर पड़ेगा। उन्होंने मंडलायुक्त से जनपद की सभी सहकारी समितियों एवं खाद बिक्री केंद्रों पर डीएपी, एनपीके एवं यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने, खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। इस दौरान जेडीयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति एवं नगर अध्यक्ष शुभांशी गुप्ता भी मौजूद रहीं और किसानों के हित में शीघ्र कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई