बाँदा-मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों को दोबारा जोड़ने के निर्देश, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण

SHARE:

मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने, अपात्र प्रविष्टियां हटाने और सूची में मौजूद गलतियों को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही दस्तावेजों के अभाव में सूची से छूटे पात्र लोगों को दोबारा अवसर देने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने 235 बांदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से जानकारी ली। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराया जाए। मृतक और स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा मतदाता सूची की सभी त्रुटियों को दूर किया जाए। उन्होंने अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
दस्तावेज न देने से छूटे मतदाताओं का दोबारा करें सत्यापन
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने निर्देशित किया कि एसआईआर के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण जिन मतदाताओं के नाम सूची से कट गए थे, उनका बीएलओ दोबारा भौतिक सत्यापन करें। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल कराए जाएं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
18 वर्ष पूरा कर चुकी छात्राओं के नाम जोड़ने के निर्देश
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचार्य से वार्ता कर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी छात्राओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर के माध्यम से फार्म-6 भरवाकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ललित कुमार पांडेय, संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई