बाँदा-बाइक छीनकर भागा हिस्ट्रीशीटर, पुलिस ने रात में घेरकर दबोचा

SHARE:

बाइक छीनकर फरार हुए शातिर अपराधी को पुलिस ने रात में चेकिंग के दौरान दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छिनी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी पहले से हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम बबेरू क्षेत्र निवासी समर ने पुलिस को सूचना दी कि कमासिन स्थित बिजली पावर हाउस के पास एक अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात में बबेरू की ओर से कमासिन की तरफ मोटरसाइकिल से आता एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल कमासिन थाना क्षेत्र से छीनी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा ने बताया कि पीड़ित समर अपने बेटे को लेने का कमासिन आया था। तभी अचानक उसकी बाइक बंद हो गई। इसी बीच हिस्ट्रीसीटर कल्लू आया और मोटरसाइकिल स्टार्ट करने की बात कह कर समर से धक्का लगवाने लगा। बाइक के स्टार्ट होते ही वह मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमासिन पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्लू उर्फ अंसार पुत्र मुस्तफा उर्फ नौशाद, निवासी ग्राम सिमोनी, हाल पता ग्राम हरदौली, थाना बबेरू, जनपद बांदा के रूप में हुई है। कमासिन प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा के मुताबिक आरोपी पूर्व से हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एक दर्जन से ज्यादा मुकदमों का रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार कल्लू उर्फ अंसार के खिलाफ वर्ष 2017 से 2022 तक विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, धोखाधड़ी, लूट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
कमासिन थाने में उसके खिलाफ मु0अ0सं0 237/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छिनैती की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पारसनाथ, कांस्टेबल योगेश गुप्ता और कांस्टेबल सौरभ शुक्ला शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई