लगातार हुई अतिवृष्टि से कई गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। भारी बारिश और जलभराव के कारण सैकड़ों घरों में पानी घुस गया, वहीं कई मकानों के गिरने की भी खबर सामने आई। घर-गृहस्थी का सामान, अनाज और भूसा पानी में भीग जाने से प्रभावित परिवारों के सामने भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
जनपद के तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के तिंदवारी ब्लॉक के सेमरी, सेमरा, बासिलपुर, गोखराही और पचनेही गांवों में अतिवृष्टि से पैदा हुए हालात का जायजा लेने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद पहुंचे। उनके साथ समाजवादी पार्टी के हमीरपुर-तिंदवारी-महोबा सांसद अजेंद्र राजपूत समेत भारत पाल, पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, चंद्रभान निषाद, रामखेलावन यादव (नेताजी), आरबी सिंह खेंगर, रामस्वरूप वर्मा, कुलदीप कबीर, चंद्रमर्दन वर्मा और आशुतोष यादव भी मौजूद रहे। टीम ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बारिश तथा जलभराव से हुए नुकसान की जानकारी ली। घरों में पानी भरने और कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया।
जसपुरा ब्लॉक की नरौली ग्राम पंचायत के सोनामऊ गांव में भी भारी बारिश के बाद जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए। यहां भी विशंभर प्रसाद निषाद अपनी टीम के साथ पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। घरों में पानी, राशन और भूसा बर्बाद
ग्रामीणों के मुताबिक कई घरों में पानी घुसने से अनाज, भूसा और घरेलू जरूरत का सामान भीग गया है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने खाने-पीने और पशुओं के चारे तक का संकट पैदा हो गया है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों का सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित है।
प्रशासन से सर्वे और तत्काल राहत की मांग
समाजवादी पार्टी की ओर से प्रशासन से मांग की गई कि जिन गांवों में जलभराव है, वहां तत्काल पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए। साथ ही सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराया जाए और पीड़ित परिवारों को गृह अनुदान तथा अहेतुक सहायता के साथ खाने-पीने की सामग्री आदि आवश्यक राहत शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।