मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हर एंगल पर सतर्कता बरती जा रही है।एसपी ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भारी फोर्स को तैनात किए जाने के साथ आने-जाने वालों पर निरंतर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 09 जुलाई 2026 को जनपद में प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से ड्यूटी में लगे प्रशासनिक एवं पुलिस बल की ब्रीफिंग की गयी। ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल,अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मायाशंकर यादव द्वारा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल,भ्रमण मार्ग,हेलीपैड, मोटरसाइकिल एस्कॉर्ट,मीडिया व्यवस्था एवं आपातकालीन कार्ययोजना का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं,जैसे भीड़ प्रबंधन,यातायात संचालन,वीआईपी सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की गहन समीक्षा की गई। जिससे माननीय का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम सुरक्षित,व्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित पुलिस अधिकारियों तथा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को संबोधित करते हुए कार्यक्रम स्थल,भ्रमण मार्ग एवं हेलीपैड पर त्रिस्तरीय एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी पलाश बंसल ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च स्तर की सतर्कता,अनुशासन, समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक,जनपद बांदा के अन्य प्रशासनिक/शासनिक अधिकारी व अन्य जनपदों से आये पुलिस के राजपत्रित अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।