जालसाजों पर शिकंजा कसते हुए साइबर क्राइम पुलिस ने व्यापारी के खाते में 5 लाख से अधिक रकम वापस कराई है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध मेविस टॉक के नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा साइबर ठगी/फ्रॉड के शिकार हुए पीड़ित के खाते में कुल 05 लाख 60 हजार 822 रुपये वापस कराये गये है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मढ़ियानाका के रहने वाले मुकेश कुमार पुत्र बृजलाल के साथ साइबर ठगों द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से व्यापार में लाभ का झांसा देकर साइबर ठगी की गई थी। जिसके संबंध में पीडित द्वारा साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी गई थी। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्परता,तकनीकी दक्षता एवं सक्रिय समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करते हुए पीड़ित की कुल 5,60,822/ रुपए धनराशि सुरक्षित वापस कराई गई। पीड़ित ने रुपये वापस मिलने पर थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम का आभार जताया है।
एसपी ने की अपील
एसपी पलाश बंसल ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी,फर्जी कॉल अथवा संदिग्ध लेन-देन के संबंध में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या साइबर थाने/नजदीकी थानें में शिकायत दर्ज कराएं। जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके। रुपये वापस कराने वाली टीम में साइबर क्राइम पुलिस प्रभारी राम मोहन राय,उप निरीक्षक प्रदीप कुमार,आरक्षी रविन्द्र सिंह,हिमांशू वर्मा,ललित कुमार,ज्योति उपाध्याय शामिल रही।