कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत सरिया तथा मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश के शातिर चोर को पकड़ा है। जिसके कब्जे से 10 लाख कीमती मोबाइल सहित चोरी की सामग्री बरामद हुई है।
सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि विगत 4 मार्च की रात कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ज्योति नगर में संतोष विश्वकर्मा मोबाइल के दूकान के शटर का ताला तोड़कर तथा बिजली खेड़ा में दिनेश कुमार प्रजापति के लोहे व सरिया की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। शिकायत पर एसपी पलाश बंसल ने अलग-अलग टीमें लगाई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। कोतवाली नगर पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की मदद व संदिग्धों से पूछताछ कर अभियुक्तों की पहचान करते हुए मुखबिर की सूचना पर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त राजू उर्फ पिट्टू/पिट्टी पुत्र रामकिशोर निवासी चांदी पट्टी थाना अजयगढ़ जनपद पन्ना मध्यप्रदेश को छोटा बाइपास के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किये गये करीब 10 लाख रुपए अनुमानित कीमत के 31 मोबाइल फोन,ईयरबड आदि सहित एसबीआई चेक व नकद रुपए बरामद हुए है। सहायक एसपी ने बताया कि अभियुक्त पूर्व में भी दिनांक 08.03.2025 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में नरैनी के पास एक फॉर्म हॉउस में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में शहर कोतवाल बलराम सिंह,आशुतोष त्रिपाठी चौकी प्रभारी मण्डी समिति,उप निरीक्षक प्रीत कुमार पाण्डेय,रश्मि सिंह,आरक्षी सौरभ यादव,सतीश यादव,मनीष शुक्ला शामिल रहे।