पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक में समूह की महिलाओं को पशुपालन से जोड़कर आर्थिक सशक्ति बनाये जाने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पशुपालन गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि गौ आश्रय स्थलों पर दो दिनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा गौशालाओं में पानी,छाया,पशु आहार एवं हरा चारा सुनिश्चित किया जाए।गौशालाओं के संचालन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए। कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के माध्यम से उन्नत नस्ल के गौवंश को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिए बकरी पालन की 14 इकाई, सूकर पालन की 06 इकाई एवं भेड़ पालन की 05 इकाई स्थापित की जाएंगी। साथ ही बैकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम में 1000 महिलाओं को चयनित किया जाएगा। इन सभी महिलाओं को लखपति महिला से जोड़ा जाएगा।नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन एक सप्ताह में पूरा करने तथा मत्स्य विभाग के पट्टा आवंटन एवं केसीसी लक्ष्यों की पूर्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। बैठक के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने को प्राथमिकता में रखा जाए। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।