बागपत-हिस्ट्रीशीटर ने की पिता-पुत्र की हत्या,भीड़ ने आरोपी को उतारा मौत के घाट

SHARE:

हिस्ट्रीशीटर ने पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीट पीटकर उसे भी मार डाला। वहीं गोली लगने से एक राहगीर भी घायल हो गया है।
बागपत के बड़ौत में मंगलवार शाम को लगभग पौने छह बजे टेंट व्यापारी सोहनलाल (60) और उनके इकलौते बेटे विकास (28) की दुकान में घुसकर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने से बाइक सवार राहगीर रोहित निवासी पट्टी चौधरान भी घायल है। हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने 10 साल पहले हुई अपने भाई कपिल की हत्या की रंजिश में अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने वरुण लुहारी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाते हुए वरुण ने भी दम तोड़ दिया।मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दस साल पहले शुरू हुई रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की धमकी मिलने पर व्यापारी ने पुलिस से कई बार सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। इसलिए ही हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की हिम्मत बढ़ गई। इसके बाद मंगलवार को हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ खुलेआम व्यापारी सोहनलाल और उसके इकलौते बेटे विकास की हत्या कर परिवार उजाड़ दिया। वर्ष 2016 में रंगदारी मांगने और मारपीट के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आने के छह-सात दिन बाद ही हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने खूनी खेल खेल दिया था। उस समय वरुण लुहारी ने अपने भाई कपिल समेत अन्य बदमाशों के साथ मिलकर टेंट व्यापारी के बेटे विकास और उनके साथी राजेश पर गोलियां चला दी थीं। जिसके जवाब में व्यापारी ने भी फायरिंग की। गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर के भाई कपिल की मौत हो गई, जबकि वरुण ने वहां से भागकर जान बचाई। कपिल की हत्या का बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर वरुण ने कई बार व्यापारी सोहनलाल को धमकी दी। इससे भयभीत व्यापारी सोहनलाल ने पुलिस अफसरों से शिकायत की। परिजनों के अनुसार पिछले दस साल में व्यापारी सोहनलाल ने कई बार अफसरों से शिकायत की। व्यापारी को सुरक्षा नहीं मिलने से हिस्ट्रीशीटर के हौसले बुलंद हो गए और मंगलवार शाम को इस तरह खुलेआम घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी सड़क के किनारे घायल हालत में पड़ा है। इसी दाैरान एक व्यक्ति आकर उसे पिस्टल से गोली मारता है। वह व्यक्ति कौन है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी कि गोली मारने वाला कौन है। वरुण को भी गोली लगी हुई थी और उसे यहां से मेरठ मेडिकल में रेफर किया गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment