झांसी-भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने प्रयागराज रवाना हुआ अली, कड़ी सुरक्षा में झांसी जेल से निकला

SHARE:

सड़क दुर्घटना में हुई अतीक के बेटे अबान की मौत के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसका भाई अली अहमद शनिवार सुबह झांसी जेल से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। हाईकोर्ट की अनुमति मिलने के बाद जेल प्रशासन ने अली को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रयागराज भेजा। उसकी सुरक्षा में पुलिस की कई गाड़ियां और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। अली को शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे झांसी जेल से बाहर निकाला गया। जेल से निकलते ही पुलिस का सुरक्षा घेरा उसके साथ रहा। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उसके प्रयागराज पहुंचने तक पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हाईकोर्ट की अनुमति के बाद मिली राहत
अबान अहमद की मौत के बाद परिवार की ओर से उसके अंतिम संस्कार में अली को शामिल कराने के लिए हाईकोर्ट में अनुमति मांगी गई थी। न्यायालय ने अली और उसके भाई उमर को कस्टडी पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी है।
अदालत ने अपने आदेश में माना कि किसी व्यक्ति को अपने सगे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। आदेश मिलने के बाद जेल प्रशासन ने अली को प्रयागराज ले जाने की तैयारी पूरी की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अली को झांसी से प्रयागराज ले जाने के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उसके साथ पुलिस टीम रवाना हुई है। प्रयागराज में भी अंतिम संस्कार स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। जेल प्रशासन के अनुसार, न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अली को प्रयागराज भेजा गया है। अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत वापस जेल लाया जाएगा।
परिवार के लिए भावुक मौका
अबान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। ऐसे में लंबे समय से जेल में बंद अली के लिए भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होना भावनात्मक क्षण होगा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उसे अंतिम विदाई में शामिल होने का अवसर मिला है। बता दे कि विगत दिनों अली मिलने झांसी जेल जाते समय अबान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वहीं उसके साथी की भी जान चली गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई