पार्क में मिली युवक की लाश का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। मृतक आरोपी की पत्नी से अवैध सम्बन्ध बनाना चाहता था। इसी को लेकर आरोपी दोस्त ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी।
आगरा के थाना हरीपर्वत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर आरोपी अमूल राव वानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक सोनू का शव पालीवाल पार्क में मिला था। जांच में सामने आया कि सोनू आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध बनाना चाहता था, जिससे नाराज होकर अमूलराव ने उसे शराब पिलाकर सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी परिजनों के साथ सोनू की तलाश का नाटक करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त शराब की बोतल भी बरामद की है। आगे की कार्रवाई जारी है। यह था पूरा मामला
आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र के महाराष्ट्र काॅलोनी में रहने वाले सोनू (28) की पालीवाल पार्क में सिर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई। वह शनिवार सुबह दोस्त के साथ काम पर निकला था। रविवार सुबह शव मिलने पर परिजन को जानकारी हुई। शव को रात में कुत्तों ने नोच डाला। उधर, मृतक की मां ने दोस्त अमूल पर हत्या का आरोप लगाया था। मां पुष्पा ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे बेटे को अमूल घर से बुलाकर ले गया था। रात 8 बजे अमूल अकेले घर आया। वह सोनू को पूछने लगा। उन्होंने जानकारी होने से मना किया। इस पर वो मोहल्ले में घूमता रहा। रात तकरीबन 12 बजे चला गया। उधर, उन्हें लग रहा था कि सोनू कहीं काम से चला गया है। रविवार सुबह छह बजे पालीवाल पार्क स्थित विश्वविद्यालय के गेट नंबर तीन के पास शौच के लिए गए मोहल्ले के लोगों ने सोनू का शव पड़ा देखकर जानकारी दी। जब तक परिजन पहुंचे, बड़ी संख्या में भीड़ जुट चुकी थी। सोनू के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया था, चेहरा भी कुचला गया था। आसपास खून फैला था। आशंका है कि उसे शराब पिलाने के बाद पालीवाल पार्क में ले जाकर हत्या की गई है।