मैजिक और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में दस लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने दुःख जताया है।
लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दस लोगों की मौत हो गई। ऊंच गांव भरेहटा के बीच लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर मैजिक गाड़ी और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से यह हादसा हुआ। मरने वाले सभी लोग मैजिक गाड़ी में सवार थे। मृतकों में दो सगे भाई और शिक्षिका भी शामिल हैं। हादसे के बाद मृतक के परिवारों में गहरा मातम छा गया है। अस्पताल में एक साथ 10 लाशें देखकर लोगों की रूह कांप गई। इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया जा रही थी, जिसमें 10 लोग सवार थे। बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक से मैजिक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तुरंत सीएचसी खमरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य ने ओयल अस्पताल में दम तोड़ दिया। सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि इस हादसे में दस लोगों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का भी मुआयना किया। हादसे में मरने वाले नौ लोगों की शिनाख्त हो गई है, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। मृतको की शिनाख्त अदनान (15 वर्ष) पुत्र अकील खान निवासी मुस्लिमनगर रामापुर, कोतवाली सदर, खीरी।
पप्पू (18 वर्ष) पुत्र दूलन गौतम निवासी देवदत्तपुर थाना खैरी घाट, बहराइच।
पवन पुत्र संतोष निवासी मझरा थाना मूर्तिहा, जनपद बहराइच। सोहन (21 वर्ष) पुत्र संतोष निवासी मझरा, थाना मूर्तिहा, जनपद बहराइच। पवन और सोहन आपस में सगे भाई हैं। राजेश गोयल पुत्र मनिलाल निवासी महपुरवा थाना मिहींपुरवा, बहराइच।
सहजराम (35 वर्ष) पुत्र छोटेलाल निवासी ककरहा मूर्तिहा, जनपद बहराइच।
जयवीर सिंह पुत्र पेशकार सिंह निवासी मनगौढिया, जनपद बहराइच। गायत्री गुप्ता (44 वर्ष) रमेश चंद्र गुप्ता मोहल्ला विजय लक्ष्मी नगर बस स्टॉप सीतापुर थाना कोतवाली सदर, खीरी। जुलेखा 45 पत्नी हबीब, पलटूपुरवा थाना धौरहरा के रूप में हुई है।