बिजली लाइन में फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक आउटसोर्सिंग लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद सहकर्मी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिलीप (40) बदौसा फीडर पर आउटसोर्सिंग लाइनमैन के पद पर तैनात था। शनिवार रात करीब 10 बजे बदौसा पावर हाउस परिसर में फीडर का फाल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लेने के बाद वह 11 हजार वोल्ट की लाइन का जंपर काट रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मी आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।