केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के साथ महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी है। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA इस विधेयक के विरोध में एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 की जा सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या भी 500 से बढ़ाकर 650 करने की योजना है।
विपक्षी दलों का कहना है कि परिसीमन के नाम पर सीटों की संख्या बढ़ाने से राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है। खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर भविष्य में होने वाले परिसीमन से उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी पर असर पड़ सकता है। इसी बीच INDIA गठबंधन के भीतर भी मतभेद उभर आए हैं। डीएमके और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने संशोधित प्रस्तावों के प्रति समर्थन के संकेत दिए हैं। डीएमके का कहना है कि तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात कम नहीं होना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयास में जुटे हैं। कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेगा। इसके बाद मुंबई में शरद पवार से भी चर्चा प्रस्तावित है। राहुल गांधी ने स्टालिन से विधेयक का विरोध करने की अपील की है। इस पर स्टालिन ने जवाब देते हुए कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों से समझौता नहीं करेगी। उधर, समाजवादी पार्टी ने भी विधेयक के विरोध में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पेश होने वाले विधेयकों का विरोध करने का निर्देश दिया है। संसद में अहम होगा संख्याबल
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। ऐसे में विपक्षी दलों के रुख और सहयोगी दलों के समर्थन पर संसद की कार्यवाही के दौरान सबकी नजर रहेगी। 30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान परिसीमन, महिला आरक्षण और लोकसभा-विधानसभा सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।