बाँदा-बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने ली शपथ,कालेज में चलाया जागरूकता अभियान

SHARE:

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें इसके खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प दिलाया गया। छात्राओं ने शपथ ली कि वे न तो स्वयं बाल विवाह का समर्थन करेंगी और न ही अपने आसपास ऐसी किसी घटना को होने देंगी। साथ ही परिवार और समाज के लोगों को भी इस कुप्रथा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज में थाना एएचटी, एसजेपीयू, बाल संरक्षण इकाई और विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्हें बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और बाल विवाह से भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में भी बताया गया।
संयुक्त टीम के सदस्यों ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और उज्ज्वल भविष्य में बाधक है। इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए पुलिस, प्रशासन, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आमजन की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार की ओर से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त अभियान की जानकारी भी दी गई। छात्राओं से जागरूक नागरिक बनकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और समाज को इस कुप्रथा से मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने आसपास इस तरह की घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
पुलिस और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में थाना एएचटी के थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय, महिला कांस्टेबल रचना सेजवार, एसजेपीयू से आरक्षी प्रशांत यादव और महिला कांस्टेबल ज्योति गुप्ता के साथ जिला प्रोबेशन विभाग से कामिनी, चाइल्ड हेल्पलाइन से शिव संपत, नीति आयोग से मिनहाज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सुमन शुक्ला, हब विभाग से रक्षपाल, ग्रामीण स्वावलंबन समिति से ममता, ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान से प्रमोद तिवारी, विनोद कुमार, भगवती प्रसाद, शिव कुमार और शिवम यादव आदि मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई