बाँदा-छात्राओं को एएसपी ने दिए सुरक्षा के टिप्स

SHARE:

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों, साइबर ठगी के नए तरीकों, यातायात नियमों और सुरक्षित यात्रा के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज की अध्यक्षता में कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोतवाली नगर पुलिस, साइबर क्राइम थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्राओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़ी सहायता सेवाओं और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, पीछा करने, मानव तस्करी और बाल विवाह जैसे अपराधों की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। साइबर टीम ने केवाईसी अपडेट, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी नौकरी और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें और जानकारियां साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई। ऑनलाइन उत्पीड़न, अश्लील संदेश, अभद्र टिप्पणियों और निजी तस्वीरों के दुरुपयोग जैसी घटनाओं पर चुप न रहने तथा संबंधित साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कहा गया। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों की दी जानकारी
यातायात पुलिस ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और गलत दिशा में वाहन चलाने के खतरों के बारे में बताया गया। महिलाओं और बालिकाओं को यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सी या कैब का नंबर और चालक की जानकारी परिजनों को साझा करने, मोबाइल में लोकेशन शेयरिंग चालू रखने तथा सुनसान रास्तों पर अकेले यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई। किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करने और असहज स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई