होटल में युवती को बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद भागने के प्रयास में निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित होटल का है। गाजियाबाद निवासी युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपी सलमान ने उसे होटल में दो दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट की। युवती के होटल से बाहर निकलकर भागने पर आरोपी ने सड़क पर भी उसे पकड़कर मारपीट की थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। नारहेड़ा के पास पुलिस ने की घेराबंदी
25 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नारहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन नीचे गिर गया। हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी की पहचान सलमान पुत्र इमामुद्दीन निवासी कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा संख्या 273/2026 दर्ज है। मामले में दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। होटल सील, पुलिसकर्मियों की लापरवाही की भी जांच
घटना के बाद पुलिस ने आबूलेन स्थित संबंधित होटल को सील कर दिया है। होटल को औपचारिक रूप से सीज कराने के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण और संबंधित बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है। आरोपी के खिलाफ अन्य मुकदमों की भी जानकारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मेरठ के रोहटा थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य मामले दर्ज हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे प्रकरण की आगे की जांच कर रही है।