आगरा-खरीद के नाम पर 82 लाख रुपये का खेल, मैनेजर ने रिश्तेदारों की फर्मों को दिलाए ऑर्डर

SHARE:

कंपनी में खरीदारी की जिम्मेदारी संभाल रहे एक मैनेजर पर रिश्तेदारों की फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए करीब 82 लाख रुपये की खरीद में कथित हेरफेर करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दूसरी कंपनियों के कोटेशन में बदलाव कर अपने परिजनों की फर्मों को सबसे कम दर वाला दर्शाया गया और बाजार भाव से अधिक कीमत पर सामान खरीदा गया। मामले में बैंक अधिकारी पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
आगरा की प्रकाशन कंपनी ओसवाल बुक्स एंड लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि राजेश उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, कंपनी में ट्रेड मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत सची वर्मा पर प्रचार सामग्री और उपहारों की खरीद के लिए विक्रेताओं से कोटेशन लेने तथा तुलनात्मक सूची तैयार करने की जिम्मेदारी थी।
आरोप है कि सची वर्मा ने अन्य विक्रेताओं के गोपनीय रेट अपने परिजनों की फर्मों तक पहुंचाए और कोटेशन में बदलाव कर तुलनात्मक सूची में उन्हीं फर्मों को सबसे कम दर वाला दिखाया। इसके बाद डीसी फैशन को वर्ष 2024-25 से अब तक करीब 68 लाख रुपये और तनाची ग्रुप को करीब 14 लाख रुपये के खरीद आदेश दिए गए। तनाची ग्रुप की प्रोपराइटर सची वर्मा की मां रेणु वर्मा हैं, जबकि डीसी फैशन की प्रोपराइटर मधु शर्मा उनकी रिश्तेदार बताई गई हैं।
ऑडिट में सामने आया भुगतान का मामला
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि कंपनी के अनुसार, दो नवंबर को हुए ऑडिट के दौरान तनाची ग्रुप के सैंपल का भुगतान सची वर्मा के निजी बैंक खाते से किए जाने और बाद में कंपनी से रकम वापस लेने का मामला सामने आया। आरोप है कि संबंधित फर्म का बैंक खाता फिरोजाबाद में खुलवाया गया था, जहां सची वर्मा के पति प्रशांत शर्मा बैंक मैनेजर हैं। पूछताछ के बाद सची वर्मा तीन नवंबर से कार्यालय नहीं आईं।
आरोपों से किया इनकार, पुलिस कर रही जांच
कंपनी का आरोप है कि मामला सामने आने के बाद प्रशांत शर्मा ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में इससे मुकर गए और फोन पर धमकी दी। दूसरी ओर, सची वर्मा ने कंपनी को दिए जवाब में आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि खरीदारी वरिष्ठ अधिकारियों, वित्त विभाग और ऑडिट की मंजूरी से की गई थी। उन्होंने इसे अपने खिलाफ की गई कार्रवाई बताया और कहा कि उन्हें खरीद संबंधी कोई लिखित नीति नहीं दी गई थी। मामले में थाना लोहामंडी में सची वर्मा, उनके पति प्रशांत शर्मा समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपों की जांच की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई