बाँदा-मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

SHARE:

निर्वाचक नामावली को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और छूटे हुए नामों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की मतदाता सूची और विधानसभा की निर्वाचक नामावली का मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे सभी लोगों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने की कार्रवाई की जाए। वहीं, मतदाता सूची में नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाया जाए। निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि अगले दो दिनों के भीतर दोनों मतदाता सूचियों का मिलान कर उनमें पाए जाने वाले अंतर को स्पष्ट किया जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि पात्र नागरिकों के नाम किन कारणों से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। इस पूरी प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूरा कर प्रतिदिन की प्रगति निर्धारित गूगल शीट पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
युवाओं और नवविवाहित महिलाओं पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे सभी युवाओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल कराया जाए, जिनका अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है। इसके अलावा विवाह के बाद गांव में आई नवविवाहित महिलाओं का नाम भी नियमानुसार मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जनगणना-2027 की स्व-गणना भी अनिवार्य
ग्राम पंचायत सचिवों को अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिवार रजिस्टर को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें। बैठक में जनगणना-2027 के तहत सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्व-गणना पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। इसमें लापरवाही या निर्धारित समयसीमा में स्व-गणना पूरी नहीं करने पर संबंधित कार्मिकों का वेतन बाधित करने की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेंद्र, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई