सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चिल्ला थाना क्षेत्र के बिछवाही गांव निवासी पुत्तन ने बताया कि उसका 24 वर्षीय छोटा भाई गुड्डू पुत्र रामाधार डंपर चलाता था। शनिवार की रात वह डंपर लेकर कबरई जाने के लिए घर से निकला था। बगिया गांव के पास डंपर का डाला टूटकर नीचे गिर गया। इस पर गुड्डू ने फोन करके परिवार के अन्य लोगों को डाला चढ़वाने के लिए बुलाया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और डाला ठीक कराया। इसके बाद गुड्डू डंपर लेकर आगे बढ़ा ही था कि बांदा की ओर से आ रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डू स्टेयरिंग के बीच में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुत्तन ने बताया कि गुड्डू चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई भी ट्रक चलाते हैं, जबकि बड़ा भाई खेती करता है। मां देवमनी की चार साल पहले मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, गुड्डू दीपावली पर दो दिन गांव में त्योहार मनाने के बाद काम पर गया था। वह पिछले छह साल से वाहन चला रहा था। पुलिस ने कब्जे में लिया ट्रक
चिल्ला थाना प्रभारी राजेश मौर्य ने बताया कि दुर्घटना में चालक की मौत हुई है, जबकि खलासी घायल हुआ है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।