अमेरिका में विमान के अंदर घुसे नकाबपोश अधिकारी, यात्रियों के सामने दो लोगों को हिरासत में लिया

SHARE:

अमेरिका में हवाई यात्रा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में सवार हो रहे यात्रियों के बीच अचानक नकाबपोश अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने यात्रियों के सामने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान एक महिला अधिकारियों से अपनी बेटी को छोड़ने की गुहार लगाती रही। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अमेरिका में आव्रजन अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
यह घटना 21 नवंबर को सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। अलास्का एयरलाइंस की उड़ान संख्या 1306 लॉस एंजिलिस जाने के लिए तैयार थी। विमान को सुबह 8:10 बजे रवाना होना था। इसी दौरान आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) के नकाबपोश अधिकारी विमान में यात्रियों के सवार होने के समय पहुंच गए और कार्रवाई शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में अधिकारी जमीन पर गिरे एक व्यक्ति को काबू करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक महिला अधिकारियों से अपनी बेटी को ले जाने पर विरोध जताती नजर आई। महिला ने कहा कि उसकी बेटी के पास काम करने का परमिट है।
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई रिकार्डो लारोंदो मेंडोजा को गिरफ्तार करने के लिए की गई थी। एजेंसी के मुताबिक, मेक्सिको का नागरिक रिकार्डो वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रह रहा था।
कार्रवाई के दौरान सोफिया हर्नांडेज मेजिया नाम की एक अन्य यात्री को भी हिरासत में लिया गया। एजेंसी का आरोप है कि हंगामे के दौरान उसने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी थी। एजेंसी ने बताया कि सोफिया भी मेक्सिको की नागरिक है और वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद अमेरिका में रह रही थी। उस पर संघीय अधिकारी पर हमला करने का आरोप लगाए जाने की बात भी कही गई। अलास्का एयरलाइंस ने इस कार्रवाई पर चिंता जताते हुए कहा कि यात्रियों के विमान में सवार होने के दौरान यह कदम उठाया गया और इससे पहले एयरलाइन को कोई सूचना नहीं दी गई थी। एयरलाइन ने कहा कि इस घटना से यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी हुई। मामले में सिएटल बंदरगाह प्रशासन के साथ मिलकर यह पता लगाया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के कारण विमान की उड़ान में देरी हुई।
गवर्नर ने कार्रवाई को बताया अमेरिकी मूल्यों के खिलाफ
वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने आव्रजन अधिकारियों की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने वीडियो को भयावह बताते हुए कहा कि ऐसी आव्रजन व्यवस्था होनी चाहिए, जो प्रभावी होने के साथ नैतिक और मानवीय भी हो। उन्होंने एजेंसी को समाप्त करने की मांग भी उठाई। गवर्नर ने यह भी कहा कि वह जांच कर रहे हैं कि संघीय अधिकारियों को विमान में सवार होने वाले रास्ते तक पहुंच कैसे मिली। उन्होंने आशंका जताई कि अधिकारियों ने राज्य के उस कानून का उल्लंघन किया हो सकता है, जिसमें कानून लागू करने वाले अधिकारियों के चेहरे ढकने पर रोक लगाई गई है।
श्रमिक संगठनों ने भी जताई नाराजगी
वाशिंगटन राज्य श्रमिक परिषद की अध्यक्ष एप्रिल सिम्स ने भी कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने बताया कि संगठन के सदस्य भी उसी विमान में सवार थे। उनके मुताबिक, हवाई अड्डे के कर्मचारी पहले से ही दबाव में काम कर रहे हैं और इस कार्रवाई ने यात्रियों के बीच भय और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।
दूसरी ओर, आव्रजन एजेंसी ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि संघीय अधिकारियों पर हमले और उनके काम में बाधा डालने की घटनाएं बढ़ रही हैं। एजेंसी ने दावा किया कि अधिकारियों पर शारीरिक हमलों में 1600 प्रतिशत, वाहनों से टक्कर मारने की घटनाओं में 3300 प्रतिशत और जान से मारने की धमकियों में 8000 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि अधिकारियों पर हमला करने या सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई