बाँदा-शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर कराएं-अमित

SHARE:

जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नरैनी तहसील में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की उपस्थिति में जनसमस्याएं सुनी गईं। इस दौरान भूमि विवाद, चकबंदी, पुलिस, कृषि, खाद एवं सहकारिता, विद्युत, बेसिक शिक्षा, छात्रवृत्ति, समाज कल्याण, सिंचाई और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को लंबित रखने अथवा निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जा सकें। उन्होंने छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को भी शीघ्र अग्रसारित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ मिल सके।
बबेरू तहसील में मुख्य विकास अधिकारी अजय पाण्डेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज, उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा और क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने जनसमस्याएं सुनीं तथा कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया।
अतर्रा तहसील में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी रेखा सियाक की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता के साथ उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया।
नरैनी तहसील में उप जिलाधिकारी नवीन प्रसाद और क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने भी शिकायतें सुनीं। वहीं सदर तहसील में उप जिलाधिकारी अवनीश त्यागी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया।
शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता पर जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समयसीमा के भीतर किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए फरियादी को संतुष्ट किया जाए।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
नरैनी तहसील में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, उप जिलाधिकारी नवीन प्रसाद सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। चारों तहसीलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई