अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पर्दाफाश किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पिकअप वाहन में प्लास्टिक के खाली कैरेट के नीचे गांजे की बड़ी खेप छिपा रखी थी। तलाशी के दौरान 342 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 85.50 लाख रुपये बताई गई है।
एसटीएफ ने 20 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे चित्रकूट जाने वाले मार्ग पर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के खाली कैरेट रखे मिले। कैरेट हटाने पर नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। मौके से पिकअप चालक रमेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी रमेश कुमार यादव पुत्र विजय शंकर यादव प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के पूरे कांता गांव का निवासी है। उसके कब्जे से 342 किलोग्राम गांजे के अलावा महिंद्रा पिकअप और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। रायपुर से लाकर आसपास के जिलों में करते थे बिक्री
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। आरोपी के मुताबिक, पिकअप मालिक श्याम बहादुर के कहने पर वह वाहन लेकर रायपुर गया था। वहां मुकेश यादव के संपर्क में रहकर उसने एक व्यक्ति को गाड़ी सौंपी थी, जिसने प्लास्टिक के खाली कैरेट की आड़ में गांजा लोड किया था। खेप पहुंचाने के मिलते थे 20 हजार रुपये
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कई वर्षों से गांजा तस्करी के धंधे में शामिल था और पहले भी कई बार खेप पहुंचा चुका है। गांजे की खेप निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए उसे 20 हजार रुपये अलग से मिलते थे। गिरोह के सदस्य तस्करी से होने वाला मुनाफा आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शंकरगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।