कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर के बाहर गोलीबारी कराने वाले गैंग के नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन पिस्टल, 12 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
28 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे पीतमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हमलावरों ने कारोबारी की कार को भी निशाना बनाया था। मामले में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने लगातार सुराग जुटाते हुए 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल और 12 कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। 50 हजार रुपये का लालच देकर गैंग में जोड़ा
जांच में सामने आया कि मोक्ष विदेश में बैठे गैंग के गुर्गे विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह स्थानीय युवकों को गैंग से जोड़ने और वारदात के लिए जरूरी इंतजाम करने का काम करता था। मोक्ष ने निखिल को मोटी कमाई और आलीशान जिंदगी का लालच देकर गैंग में शामिल किया था। कारोबारी के घर पर फायरिंग करने के लिए उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसके बाद निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर गोलीबारी की थी। दोस्त के जरिए गैंग के संपर्क में आया शुभम
पुलिस के अनुसार, शुभम भी निखिल के माध्यम से रोहित गोदारा गैंग के संपर्क में आया था। वह अपने साथियों के प्रभाव में आकर रंगदारी की साजिश में शामिल हो गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।