बेटी की शादी का निमंत्रण बांटकर बाइक से घर लौट रहे एक पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी कामता प्रसाद ने बताया कि उनका 50 वर्षीय फुफेरा भाई संतराम द्विवेदी पुत्र रामऔतार द्विवेदी गुरुवार को अपनी बेटी रुचि की शादी का कार्ड बांटने नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव गया था। रात में निमंत्रण बांटने के बाद वह बाइक से महुआ होते हुए अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह महुआ गांव से चिल्ली गांव की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। घायल संतराम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। 11 दिसंबर को होनी थी बेटी की शादी
मृतक के ममेरे भाई कामता प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि संतराम की बेटी की शादी 11 दिसंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और वह रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड बांटने में जुटा था। अचानक हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में शादी की शहनाई बजने की तैयारी थी, वहां मातम छा गया। खेती-किसानी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
संतराम खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पास 12 बीघा जमीन थी और इसके अलावा वह बटाई पर भी खेत लेकर खेती करता था। वह अपने पिता की इकलौती संतान था। परिजनों के मुताबिक हादसे के समय उसने हेलमेट भी पहन रखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।