बाँदा-बाजार में परिवार से बिछड़ी दो साल की बच्ची, दो घंटे में पुलिस ने खोज निकाले परिजन

SHARE:

बाजार की भीड़ में परिवार से बिछड़ी दो साल की मासूम बच्ची को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिलवा दिया। बच्ची को अकेले रोता देखकर मिशन शक्ति टीम ने तत्काल अपने संरक्षण में लिया और परिजनों की तलाश शुरू कर दी। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताया।
कमासिन थाना क्षेत्र के बनथरी निवासी सोहन अपने परिवार के साथ गुरुवार को कमासिन बाजार आए थे। इसी दौरान उनकी दो वर्षीय बच्ची परिवार से बिछड़ गई। बाजार में अकेली रोती हुई बच्ची पर थाना कमासिन की मिशन शक्ति टीम की नजर पड़ी। टीम ने बच्ची से प्यार से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन वह अपना नाम और पता नहीं बता सकी। पुलिस टीम बच्ची को लेकर थाने पहुंची और महिला हेल्पडेस्क पर बैठाकर उसकी देखभाल की। इसके बाद परिजनों की तलाश के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। करीब दो घंटे के लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया। माता-पिता को थाने बुलाकर बच्ची से मिलवाया गया। बच्ची ने अपने माता-पिता को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 नवंबर को कमासिन बाजार में मिशन शक्ति टीम भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान टीम को बच्ची अकेली मिली और तत्काल उसकी मदद की गई।
परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बच्ची को उसके माता-पिता तक पहुंचाने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी गुप्ता, मुख्य आरक्षी सत्येंद्र कुमार और महिला आरक्षी ममता गुप्ता शामिल रहीं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई