सुबह की सैर पर निकले पंचायत सचिव को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार सुबह बदौसा थाना क्षेत्र के निजामीनगर के पास नेशनल हाईवे-35 की है। पंचायत सचिव प्रमोद सिंह पटेल सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान कर्वी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बदौसा पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल पंचायत सचिव को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को पकड़ा
बदौसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार साहू ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़ लिया गया है। घायल पंचायत सचिव को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हाईवे पर रफ्तार नियंत्रण की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पैदल चलने वाले राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए।