मामा द्वारा रिश्तेदारों के सामने किया गया मजाक भांजे को इतना नागवार गुजरा कि उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बरीक्षा कार्यक्रम की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि उसका 25 वर्षीय चचेरा भाई रामजी सिंह पुत्र भोला सिंह अपने मामा के गांव कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव गया था। सोमवार की रात उसने धनराज के मकान के बाहर निकली लकड़ी की बल्ली में अगौछे के सहारे फांसी लगा ली। कुछ देर बाद धनराज के घरवालों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो उसके मामा अवधेश को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मृतक के चचेरे भाई अभिषेक ने बताया कि सोमवार को रामजी के मामा अवधेश के पुत्र नेता का बरीक्षा कार्यक्रम था। रामजी भी निमंत्रण में शामिल होने गया था। रात में खाना-पीना चल रहा था। इसी दौरान रामजी खाना खाने बैठा और मामा से मूली मांगी। आरोप है कि मामा ने मजाक करते हुए मूली की जगह उसे मूली के पत्ते पकड़ा दिए। रिश्तेदारों के सामने इस तरह मजाक किए जाने से रामजी नाराज हो गया और बिना खाना खाए वहां से चला गया। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाले धनराज के मकान के बाहर निकली बल्ली में फांसी लगा ली। इकलौती संतान था मृतक
अभिषेक के मुताबिक रामजी अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी एक बहन है। रामजी सूरत में रहकर मजदूरी करता था और करीब एक माह पहले ही गांव आया था। मातम में बदलीं खुशियां
घर में बरीक्षा कार्यक्रम की तैयारियों और खुशियों के बीच रामजी की मौत की खबर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।