दिल्ली-दो हत्याओं से मचा हड़कंप, पहले गोली मारकर युवक की हत्या, फिर भाई ने आरोपी को उतारा मौत के घाट

SHARE:

राजधानी में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आधी रात को हुई वारदात में पहले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद मृतक के भाई ने कथित तौर पर गोली मारने वाले युवक को पकड़कर उसकी भी हत्या कर दी। एक ही रात में दो हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दूसरे हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द गांव में 15 नवंबर की मध्यरात्रि के आसपास यह घटना हुई। पुलिस को एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने सचिन (27) को मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में गोली लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो सचिन के परिवार की गोशाला में खून के निशान और तीन खाली कारतूस मिले। इसके बाद आसपास के इलाके की तलाशी ली गई। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक गली में दूसरा शव पड़ा मिला। उसकी पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई। दोनों मृतक पूठ खुर्द गांव के निवासी थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुली वारदात की कड़ी
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि किसी बात को लेकर सचिन और सोनू उर्फ प्रदीप के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान सोनू ने सचिन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने सोनू को पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी।
कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना के अनुसार, पुलिस ने दूसरे हत्याकांड के आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों हत्याओं के पीछे विवाद की असली वजह का पता लगा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि दोनों के बीच कोई पुरानी रंजिश या लेन-देन का विवाद तो नहीं था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक ही गांव के थे दोनों मृतक
इस दोहरे हत्याकांड में जान गंवाने वाले सचिन और सोनू उर्फ प्रदीप दोनों पूठ खुर्द गांव के रहने वाले थे। आधी रात को हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती विवाद किस बात पर हुआ था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई