कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने करीब एक साल तक उसका शोषण किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला बरेली के फरीदपुर कस्बे का है। यहां की निवासी विवाहिता ने अशोक और आकाश नाम के दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, राशन कार्ड बनवाने के सिलसिले में दोनों आरोपियों का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान एक दिन दोनों कोल्ड ड्रिंक लेकर घर पहुंचे और तीन गिलास मंगवाए।
महिला का आरोप है कि जब वह रसोई से नमकीन लेने गई तो आरोपियों ने उसे जबरन कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी हालत का फायदा उठाकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। पीड़िता के मुताबिक, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार उसका शोषण करते रहे। आरोप है कि कई बार चाकू दिखाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परेशान होकर उसने कमरा बदलकर दूसरी जगह रहना शुरू कर दिया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। पति को भी दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। दिवाली पर पति घर लौटा तो उसे घटना की जानकारी हुई। पति ने आरोपियों से वीडियो हटाने के लिए कहा तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। अब दोनों आरोपियों पर पीड़िता और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, मोबाइल फोन की होगी जांच
सीओ संदीप सिंह के मुताबिक, महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता की सहमति से उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर कथित वीडियो की जांच भी कराई जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।