महिला संबंधी अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक मामले में न्यायालय ने दोषी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत प्रभावी विवेचना और अभियोजन पैरवी के बाद हुई।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में वर्ष 2022 में अतर्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2022 को एक महिला ने अपनी पुत्री को 10 जुलाई 2022 को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी निवासी वीरेन्द उर्फ वीरेन्दा पुत्र बबलू का नाम सामने आया था। इस मामले में अतर्रा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद न्यायालय में दाखिल हुआ आरोपपत्र
मामले की विवेचना तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार दुबे ने की थी। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार गुप्ता और शिवपूजन सिंह ने न्यायालय में अभियोजन पक्ष की पैरवी की। पुलिस के अनुसार, कोर्ट मोहर्रिर आरक्षी अमित कुमार और पैरोकार आरक्षी अभिजीत ने भी मामले में आवश्यक प्रयास किए। 20 वर्ष का कठोर कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माना
बांदा न्यायालय ने अभियुक्त वीरेन्द उर्फ वीरेन्दा को भारतीय दंड संहिता की धाराओं 363, 366 और 504 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी विवेचना, अभियोजन और न्यायालय में पैरवी का परिणाम बताया। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन का उद्देश्य आपराधिक मामलों में प्रभावी विवेचना और अभियोजन के माध्यम से दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाना है। इस मामले में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला संबंधी अपराध में दोषसिद्धि कराई गई।